नई बिजली दरों पर 18 फरवरी से जनसुनवाई, 18.50% बढ़ोतरी का प्रस्ताव
प्रदेश में प्रस्तावित नई बिजली दरों को लेकर उत्तराखंड विद्युत नियामक आयोग 18 फरवरी से जनसुनवाई प्रक्रिया भी शुरू करने जा रहा है। आयोग ने शुक्रवार को इसका विस्तृत कार्यक्रम भी जारी कर दिया है। इस बार भी गढ़वाल व कुमाऊं मंडल के 2-2 शहरों में जनसुनवाई आयोजित की जाएगी, जहां उपभोक्ता अपनी आपत्तियां व सुझाव दर्ज करा सकेंगे।
ऊर्जा निगमों की ओर से इस साल कुल मिलाकर 18.50 प्रतिशत तक बिजली दर बढ़ाने का प्रस्ताव रखा गया है। इसमें यूपीसीएल ने 16.23 प्रतिशत व पिटकुल ने करीब 3 प्रतिशत बढ़ोतरी का प्रस्ताव दिया है, जबकि पहली बार यूजेवीएनएल का टैरिफ प्रस्ताव माइनस 1.2 प्रतिशत भी रखा गया है।
पिछले वर्ष गढ़वाल मंडल में देहरादून व गोपेश्वर, जबकि कुमाऊं मंडल में रुद्रपुर व लोहाघाट में जनसुनवाई हुई थी। इस बार गढ़वाल मंडल में देहरादून के साथ कर्णप्रयाग व कुमाऊं मंडल में रुद्रपुर के साथ मुनस्यारी में जनसुनवाई आयोजित भी की जाएगी।
आयोग के सचिव नीरज ने बताया कि जनसुनवाई के दौरान आम उपभोक्ता भी अपने सुझाव व आपत्तियां आयोग के सामने रख सकते हैं। इसके बाद सभी तथ्यों पर विचार कर टैरिफ प्रस्ताव पर अंतिम निर्णय भी लिया जाएगा। नई बिजली दरें 1 अप्रैल से लागू होने की संभावना है।