नरेंद्रनगर: चंद्रभागा नदी में अमीन का शव संदिग्ध हालात में मिला, सिर पत्थर से कुचला

 

टिहरी गढ़वाल (नरेंद्रनगर) – नरेंद्रनगर तहसील में तैनात एक अमीन का शव चंद्रभागा नदी में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। शव की हालत देखकर सनसनी फैल गई। मृतक के सिर को पत्थर से बुरी तरह कुचला गया था, जिससे पुलिस ने हत्या की आशंका जताई है।

शव की पहचान 51 वर्षीय कमलेश भट्ट, निवासी ढलवाला के रूप में हुई है, जो नरेंद्रनगर तहसील में अमीन के पद पर कार्यरत थे।

पुलिस ने हत्या का जताया शक, जांच शुरू

मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल की परिस्थितियों और शव की स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रथम दृष्टया इसे हत्या का मामला ही मान रही है।

पुलिस अधीक्षक (SP) ने बताया कि सभी संभावित एंगल से जांच शुरू कर दी गई है। कमलेश भट्ट की अंतिम बार किन लोगों से मुलाकात हुई थी और वह किस कारण नदी के पास पहुंचे, इसकी जानकारी भी जुटाई जा रही है।

स्थानीय लोगों में दहशत, तहसील परिसर में शोक का माहौल

इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। तहसील के सहकर्मियों और परिजनों को जब इस बात की सूचना मिली तो वे स्तब्ध रह गए। कमलेश भट्ट को शांत स्वभाव का व्यक्ति बताया जा रहा है, और उनकी किसी से रंजिश की कोई जानकारी अब तक सामने भी नहीं आई है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत के सही कारण और हत्यारे तक पहुंचा भी जा सकेगा।