त्रिस्तरीय पंचायतों में आरक्षण प्रस्तावों पर तीन हजार से अधिक आपत्तियां, आज होगा अंतिम प्रकाशन

देहरादून : प्रदेश की त्रिस्तरीय पंचायतों में आरक्षण प्रस्तावों को लेकर भारी संख्या में आपत्तियां भी सामने आई हैं। राज्य के 12 जिलों से 3 हजार से अधिक आपत्तियां भी प्राप्त हुईं, जिनका निस्तारण देर रात तक किया गया। अब आज (बुधवार) को आरक्षण प्रस्तावों का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद 19 जून को यह प्रस्ताव पंचायत निदेशालय और फिर शासन को भी भेजे जाएंगे।

अंतिम प्रकाशन के साथ ही ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत व जिला पंचायतों में किस वर्ग के लिए कौन-सा पद आरक्षित रहेगा, यह पूरी तरह स्पष्ट हो जाएगा। इससे यह तय हो जाएगा कि किन सीटों पर अनुसूचित जाति, जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, महिला या सामान्य वर्ग के प्रत्याशी चुनाव भी लड़ सकेंगे।

जिलावार आपत्तियों का आंकड़ा:

  • देहरादून: 302
  • अल्मोड़ा: 294
  • पिथौरागढ़: 277
  • चंपावत: 337
  • पौड़ी: 354
  • रुद्रप्रयाग: 90
  • चमोली: 213
  • उत्तरकाशी: 383
  • टिहरी: 297

प्रमुख आपत्तियां:
अधिकांश आपत्तियों में ग्रामीणों ने अपनी ग्राम पंचायतों के आरक्षण वर्ग को लेकर असहमति भी जताई। कई ने अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित सीट को सामान्य करने की मांग भी की, तो कुछ ने सामान्य सीटों को एससी, एसटी और ओबीसी के लिए आरक्षित किए जाने की मांग रखी।

अब सभी आपत्तियों के निस्तारण के बाद अंतिम सूची जारी होने से पंचायत चुनाव की तस्वीर भी साफ हो सकेगी।