रुद्रपुर में सिलिंडर फटने से बड़ा हादसा, मां-बेटे समेत 3 घायल

रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप कोतवाली क्षेत्र स्थित कृष्णा कॉलोनी में आज मंगलवार सुबह खाना बनाते समय छोटा गैस सिलिंडर फटने से बड़ा हादसा भी हो गया। विस्फोट इतना तेज था कि घर की एक दीवार तक टूटकर भी गिर गई। हादसे में मां-बेटे समेत 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब साढ़े सात बजे कृष्णा कॉलोनी निवासी गोमती देवी घर में रोटी बना रही थीं। इसी दौरान गलती से गर्म तवा गैस सिलिंडर के पाइप पर ही रख दिया गया, जिससे पाइप लीक होने लगा और कुछ ही पलों में जोरदार धमाका भी हो गया।

हादसे में 30 वर्षीय गोमती देवी, उनका 10 वर्षीय बेटा नीरज व एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए। तीनों को जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए एसटीएच में रेफर कर दिया गया है।

ट्रांजिट कैंप इलाके में एक सप्ताह के भीतर सिलिंडर फटने की यह दूसरी घटना है, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।