डीडीहाट नगर पालिका में कांग्रेस की ऐतिहासिक जीत, गिरीश चुफाल बने अध्यक्ष
डीडीहाट नगर पालिका में कांग्रेस की जीत के बाद सूखा खत्म, गिरीश चुफाल ने 124 मतों से जीती अध्यक्षी की कुर्सी
डीडीहाट नगर पालिका में कांग्रेस को लंबे समय बाद बड़ी जीत मिली है। गिरीश चुफाल ने निर्दलीय प्रत्याशी लवि कफलिया को 124 वोटों से हराकर कांग्रेस को नगर की सत्ता सौंपी है। भाजपा, जो जीत का दावा कर रही थी, तीसरे स्थान पर रही।
यह त्रिकोणीय मुकाबला था जिसमें कांग्रेस के गिरीश चुफाल को 1088 वोट मिले, जबकि निर्दलीय लवि कफलिया को 964 वोट मिले और भाजपा के लोकेश भड़ को सिर्फ 625 वोट ही मिले।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गिरीश चुफाल के साथ नगर में विजय जुलूस निकाला, जिसमें ढोल-नगाड़ों के साथ रंगों की होली खेली गई। तहसील वार्ड में कांग्रेस के कविंद्र साही ने 200 वोटों के अंतर से भाजपा के चंदन टोलिया को हराया।
सुभाष वार्ड में कांग्रेस की सुजाता देवी ने भाजपा की सुनीता को 156 वोटों से हराया। शिव मंदिर वार्ड में भाजपा के दीवान साही ने 61 वोटों से जीत हासिल की। जीआईसी वार्ड में नईम बख्श ने 89 वोटों से जीत दर्ज की। शिमला वार्ड में भाजपा की रजनी कन्याल ने सरिता साह को 27 वोटों के मामूली अंतर से हराया।
आंबेडकर वार्ड और पोस्ट ऑफिस वार्ड में पहले ही निर्विरोध निर्वाचन हुआ था, जहां दीपेश जंगपांगी और सिमरन धपवाल ने जीत दर्ज की।