उत्तराखंड में आज भारी बारिश की चेतावनी, बागेश्वर में ऑरेंज अलर्ट जारी
देहरादून: उत्तराखंड के कई पर्वतीय व मैदानी जिलों में आज मंगलवार को भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र ने टिहरी, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा, पौड़ी, चम्पावत, पिथौरागढ़, हरिद्वार व ऊधमसिंह नगर जिलों के कुछ हिस्सों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
वहीं, बागेश्वर जिले के कुछ क्षेत्रों में अत्यधिक बारिश की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है। राज्य के अन्य जिलों में भी बारिश होने के संकेत हैं। इसके साथ ही, सभी जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना भी है।
मौसम विभाग के मुताबिक, राज्यभर में 29 जून तक रुक-रुक कर तेज बारिश का दौर बना रह सकता है। प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील भी की है।