हल्द्वानी में 19 वर्षीय युवती के दर्जी के साथ जाने के बाद परिवार ने छोड़ा शहर
हल्द्वानी के मुखानी क्षेत्र से एक 19 वर्षीय युवती के दर्जी के साथ चले जाने का मामला भी सामने आया है, जिसके बाद सामाजिक दबाव और लोकलाज के चलते उसके माता-पिता ने शहर भी छोड़ दिया। बताया जा रहा है कि युवती 26 फरवरी को इंटर कॉलेज जाने के बहाने घर से निकली थी, लेकिन वापस ही नहीं लौटी। इसी दौरान जिस दर्जी के पास वह सिलाई सीखने जाती थी, उसकी दुकान भी बंद ही मिली।
परिजनों ने दर्जी पर बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर भी दी। संगठनों के दबाव के बाद मुखानी पुलिस ने 24 मार्च को इस मामले में प्राथमिकी भी दर्ज की। इसके 3 दिन बाद पुलिस ने युवती व दर्जी दोनों को ही बरामद कर लिया।
बरामदगी के दौरान आरटीओ चौकी में युवती ने अपने माता-पिता के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार भी किया, जिससे वे बेहद आहत हो गए। सब्जी का ठेला लगाने वाले पिता का कहना है कि घटना के बाद समाज के ताने व लोकलाज की वजह से हल्द्वानी में रहना मुश्किल हो गया था। इसी कारण उन्होंने पत्नी के साथ शहर छोड़कर बरेली स्थित अपने गांव लौटने का फैसला भी किया।