प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 11 वर्षों पर आधारित पुस्तक “अमृतकालम” का भव्य विमोचन
पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद दर्शन की 60वीं वर्षगांठ के अवसर पर नई दिल्ली स्थित एनडीएमसी सभागार में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यक्रम के दूसरे व अंतिम दिन, रविवार को “अमृतकालम“ नामक पुस्तक का विमोचन किया गया। इस पुस्तक को भाजपा के राष्ट्रीय सह-कोषाध्यक्ष व राज्यसभा सांसद डा. नरेश बंसल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 11 वर्षों के नेतृत्व और केंद्र सरकार की उपलब्धियों पर केंद्रित करते हुए रचित भी किया है।
पुस्तक का विमोचन भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा, विवेकानंद इंटरनेशनल फाउंडेशन के अध्यक्ष एस. गुरुमूर्ति और वरिष्ठ विचारक डा. महेश चंद्र शर्मा द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों ने पुस्तक की सराहना करते हुए डा. बंसल के कार्य की खुले दिल से प्रशंसा की।
विमोचन समारोह के दौरान जे.पी. नड्डा ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश की प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि,
” पीएम मोदी ने अंत्योदय को केंद्र में रखकर सरकार की योजनाओं को अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुँचाया है। 50 करोड़ से अधिक गरीबों के बैंक खाते खुले हैं और 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन मिल रहा है। भारत आज विश्व की चौथी सबसे मजबूत अर्थव्यवस्था बन चुका है।”
नड्डा ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की सफल विदेश नीति ने भारत को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाई है। उन्होंने कहा कि यूक्रेन-रूस युद्ध जैसे वैश्विक संकट के बीच भारत ने संतुलन बनाए रखा और दुनिया आज भारत की ओर आशा से भी देख रही है।
उन्होंने पुस्तक “अमृतकालम” को स्वतंत्रता के अमृतकाल में भारत के विकास की गाथा बताते हुए कहा कि
“यह नया भारत है जो घर में घुसकर मारता है, जैसे ऑपरेशन सिंधूर में देखा गया। यह आत्मनिर्भर भारत है, जहाँ मेक इन इंडिया के तहत उत्पादन हो रहा है। यही एकात्म मानववाद के लिए सच्ची श्रद्धांजलि है।”