महिला सशक्तिकरण का जीवंत प्रतीक बन रही हैं बालिका निकेतन की बेटियां : रेखा आर्या
कैबिनेट मंत्री ने बालिका निकेतन और नारी निकेतन में नवनिर्मित हॉल का किया लोकार्पण विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बेटियों को किया गया सम्मानित
देहरादून। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने आज बुधवार को कहा कि बालिका निकेतन की बेटियां अपनी प्रतिभा, संघर्ष और संकल्प के बल पर समाज में महिला सशक्तिकरण का जीवंत प्रतीक बन रही हैं। उन्होंने यह बात राजकीय बालिका निकेतन और नारी निकेतन, केदारपुरम में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कही, जहां उन्होंने 2 नवनिर्मित हॉल का लोकार्पण किया।
इस अवसर पर मंत्री ने बताया कि राजकीय महिला कल्याण एवं पुनर्वास केंद्र (मानसिक/सामान्य), केदारपुरम में 164 महिलाएं निवास करती हैं, जिनमें अनाथ, परित्यक्त व निराश्रित महिलाएं शामिल हैं। यहां रु. 57.09 लाख की लागत से बने द्वितीय तल पर हॉल और अन्य निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया गया। वहीं, बालिका निकेतन के प्रथम तल पर बने हॉल का उद्घाटन रु. 65.52 लाख की लागत से किया गया।
मंत्री ने कहा कि बीते 3-4 वर्षों में बालिका निकेतन की लड़कियों ने शैक्षिक स्तर पर असाधारण प्रदर्शन भी किया है। कई लड़कियां सरकारी सेवाओं में चयनित हुई हैं और अनेक छात्राएं पीसीएस जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी कर रही हैं।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना एवं स्पॉन्सरशिप योजना से लाभान्वित बच्चों और उनके परिजनों से भी मंत्री ने संवाद किया और उनकी प्रगति की जानकारी ली।
इस दौरान प्रमुख अधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे, जिनमें मुख्य परिवीक्षा अधिकारी मोहित चौधरी, परियोजना प्रबंधक राकेश चंद्र तिवारी, सहायक अभियंता प्रमोद चंद्र कोठियाल, उप मुख्य परिवीक्षा अधिकारी अंजना गुप्ता, राजीव नयन, तथा जिला प्रोबेशन अधिकारी मीना बिष्ट प्रमुख थे।