हरिद्वार को छोड़ 12 जिलों में पंचायत चुनाव के लिए आरक्षण की अंतिम सूची जारी, 10,000 से अधिक पद तय
देहरादून : उत्तराखंड में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियों ने अब रफ्तार पकड़ ली है। प्रदेश के हरिद्वार जिले को छोड़कर अन्य 12 जिलों में 10,000 से अधिक ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत व जिला पंचायत पदों के लिए आरक्षण की अंतिम सूची भी जारी कर दी गई है। यह सूची संबंधित जिलों के जिलाधिकारियों द्वारा ही घोषित की गई है।
देहरादून जिले की बात करें तो यहां जिला पंचायत की शेरपुर, कचटा व उदपाल्टा सीटें अनुसूचित जनजाति महिला के लिए आरक्षित की गई हैं। वहीं बायला और मंगरौली को अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए, सुद्धोवाला, केदारावाला और लाखामंडल को अनुसूचित जाति महिला, मोहन और मलेथा को अनुसूचित जाति वर्ग के लिए ही आरक्षित किया गया है।
इसके अलावा खुशहालपुर, माजरी ग्रांट तृतीय व एटनबाग को अन्य पिछड़ा वर्ग महिला, शाहपुर कल्याणपुर और शंकरपुर द्वितीय को अन्य पिछड़ा वर्ग, खदरी खड़कमाफ प्रथम, साहबनगर, हरिपुर कला तृतीय, बड़कोट माफी और भुडड़ी द्वितीय को महिला के लिए आरक्षित किया गया है।
डाकपत्थर द्वितीय, नवाबगढ़, अस्थल, जस्सोवाला, चंद्रोटी, रायगी, व्यासनहरी, बृनाडबास्तील और आरा को अनारक्षित श्रेणी में ही रखा गया है।
क्षेत्र पंचायत प्रमुख पदों की बात करें तो:
- कालसी सीट अनुसूचित जनजाति महिला
- चकराता अनुसूचित जाति महिला
- सहसपुर अन्य पिछड़ा वर्ग महिला
- जबकि रायपुर, डोईवाला और विकासनगर को अनारक्षित रखा गया है।
इसी तरह चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, पौड़ी गढ़वाल, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, नैनीताल, ऊधमसिंहनगर, बागेश्वर व टिहरी जिलों में भी आरक्षण की अंतिम सूची भी जारी हो चुकी है।
अब हरिद्वार जिले की सूची जारी होते ही राज्यभर में पंचायत चुनाव की अधिसूचना जारी होने का रास्ता भी साफ हो जाएगा।