सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय परिसर में विकास कार्यों को मिली रफ्तार, सरकार ने जारी किए 5 करोड़ रुपये

चंपावत – सीमांत जनपद चंपावत के युवाओं के लिए एक बड़ी सौगात सामने आई है। सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के चंपावत परिसर में अब शैक्षणिक और खेल अधोसंरचना के विकास को लेकर काम तेजी से आगे भी बढ़ेगा। राज्य सरकार ने विश्वविद्यालय को 10 करोड़ रुपये की स्वीकृति में से पहली किस्त के रूप में 5 करोड़ रुपये की धनराशि भी जारी कर दी है।

सरकार द्वारा जारी की गई इस राशि से कैम्पस में आधुनिक केंद्रीय पुस्तकालय, चारदीवारी व मिनी स्पोर्ट्स स्टेडियम का निर्माण भी किया जाएगा। उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा है कि विश्वविद्यालय परिसर को “सेंटर फॉर एक्सीलेंस” के रूप में विकसित भी किया जाएगा ताकि सीमांत क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व आवश्यक सुविधाएं उनके ही जिले में मिल सकें।

ये होंगे प्रमुख निर्माण कार्य:

  • आधुनिक केंद्रीय पुस्तकालय: छात्रों के अध्ययन के लिए डिजिटल संसाधन, वाचनालय व ई-लाइब्रेरी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
  • मिनी स्पोर्ट्स स्टेडियम: खेलों को बढ़ावा देने के लिए इनडोर और आउटडोर दोनों तरह के खेलों की सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
  • चाहरदीवारी का निर्माण: विश्वविद्यालय परिसर की सुरक्षा और सीमा निर्धारण के लिए।

ब्रिडकुल को इन निर्माण कार्यों के लिए कार्यदायी संस्था नामित किया गया है। मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने सभी संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी नहीं होनी चाहिए।

मंत्री का बयान:

“सीमांत क्षेत्र के चंपावत परिसर को उच्च गुणवत्ता वाला शिक्षा केंद्र बनाया जाएगा। इसके लिए पहली किस्त के रूप में 5 करोड़ रुपये की धनराशि जारी कर दी गई है, जिससे केंद्रीय पुस्तकालय, स्पोर्ट्स स्टेडियम और चारदीवारी का निर्माण किया जाएगा।”
डॉ. धन सिंह रावत, उच्च शिक्षा मंत्री, उत्तराखंड