देहरादून पुलिस की संचार व्यवस्था को मिला नया संबल, चंडालगढ़ी में स्थापित हुआ नया रिपीटर स्टेशन भवन

देहरादून — पुलिस संचार व्यवस्था को और अधिक सशक्त व प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए आज शुक्रवार को  देहरादून जिले के मसूरी क्षेत्र स्थित चंडालगढ़ी में नव-निर्मित रिपीटर स्टेशन भवन का वर्चुअल उद्घाटन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून द्वारा पुलिस कार्यालय से किया गया।

नये रिपीटर भवन की स्थापना से अब देहरादून शहर के साथ-साथ दूरस्थ व दुर्गम ग्रामीण क्षेत्रों में भी संचार व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। अत्याधुनिक तकनीकों से सुसज्जित यह भवन संचार उपकरणों की सुरक्षा और निर्बाध संचालन सुनिश्चित करता है, जिससे पुलिस बल को त्वरित, स्पष्ट व भरोसेमंद संवाद प्रणाली उपलब्ध हो सकेगी।

आपदा प्रबंधन और आमजन की सुरक्षा में होगा सहायक

इस तकनीकी और अधोसंरचनात्मक विकास से पुलिस बल की त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता में उल्लेखनीय सुधार होगा। विशेष रूप से आपदा और आपातकालीन परिस्थितियों में सूचना के तत्काल आदान-प्रदान व समन्वय में यह प्रणाली अत्यंत सहायक सिद्ध होगी। इससे पुलिसकर्मियों की कार्यक्षमता में वृद्धि होने के साथ ही आमजन की सुरक्षा व राहत कार्यों में भी समयबद्ध सहायता सुनिश्चित हो सकेगी।

एसएसपी ने बताया संचार प्रणाली का महत्व

उद्घाटन अवसर पर एसएसपी देहरादून ने कहा कि “एक मजबूत एवं विश्वसनीय संचार व्यवस्था किसी भी पुलिस बल की प्रभावी कार्यप्रणाली की रीढ़ होती है। चंडालगढ़ी में स्थापित यह नया रिपीटर स्टेशन देहरादून सहित आसपास के पहाड़ी और ग्रामीण क्षेत्रों में भी पुलिस संचार क्षमताओं को एक नई ऊंचाई प्रदान करेगा।”

उद्घाटन कार्यक्रम में अधिकारी रहे मौजूद

इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक (संचार), RWD के अधिकारीगण और पुलिस दूरसंचार विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी भी वर्चुअली व स्थल पर उपस्थित रहे।

यह पहल उत्तराखंड पुलिस द्वारा तकनीक के कुशल उपयोग की दिशा में एक और सशक्त प्रयास मानी जा रही है, जो भविष्य में राज्य भर में संचार व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूत बनाने का मार्ग प्रशस्त करेगी।