देहरादून में ठंड ने दी दस्तक, तापमान में लगातार गिरावट जारी

देहरादून: पहाड़ों में हो रही हल्की बारिश व बर्फबारी का असर अब राजधानी देहरादून में भी महसूस किया जा रहा है। तापमान में गिरावट के साथ सुबह व शाम के समय ठंड का एहसास बढ़ गया है। मौसम विभाग ने आज सुबह हल्का कुहासा छाए रहने की संभावना भी जताई है।

मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क ही रहेगा, लेकिन मैदानी इलाकों में सुबह के समय हल्का कोहरा भी छा सकता है। देहरादून में आसमान मुख्यतः साफ रहने की संभावना भी है। आज अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री व न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं।

बीते एक सप्ताह में राजधानी के तापमान में करीब 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। 30 अक्तूबर को जहां अधिकतम तापमान 31 डिग्री था, वहीं अब यह घटकर 28.1 डिग्री तक भी पहुंच गया है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में ठंड और भी बढ़ सकती है।

पिछले वर्षों की तुलना में इस बार ठंड भले ही देरी से पहुंची हो, लेकिन अब उसने देहरादून में दस्तक भी दे दी है। सुबह-शाम की ठंडी हवाएं लोगों को स्वेटर व हल्की जैकेट निकालने पर मजबूर कर रही हैं।