मुस्लिम यूनिवर्सिटी और जमीन विवाद पर सीएम धामी का बयान, जांच के दिए आदेश
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने दून विश्वविद्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग मुस्लिम यूनिवर्सिटी बनाने की बात करते थे, यदि उस समय सरकार में आते तो उस दिशा में कदम भी बढ़ाते। उन्होंने कहा कि अब यह बात जनता के सामने स्पष्ट हो चुकी है और सामने आए प्रकरण में आवश्यक कार्रवाई भी की जाएगी।
सहसपुर क्षेत्र में मदरसे के नाम पर ट्रस्ट को दी गई जमीन को अन्य लोगों को बेचे जाने के मामले पर सीएम ने कहा कि यह गंभीर विषय है और इसकी जांच के आदेश भी दे दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जमीन का हस्तांतरण नियमों व व्यवस्था के अनुरूप नहीं पाया गया, तो कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी की जाएगी। जरूरत पड़ने पर जमीन को सरकार में निहित भी किया जा सकता है।
सीएम धामी ने इस दौरान बताया कि सरकार डॉ. नित्यानंद की जन्म शताब्दी भी मना रही है। उन्होंने कहा कि डॉ. नित्यानंद ने सीमांत क्षेत्रों में बदलती डेमोग्राफी को लेकर बहुत पहले ही चिंता जताई थी और हिमालय व पर्यावरण संरक्षण पर भी महत्वपूर्ण शोध भी किए थे। सरकार उनके कार्यों और शोध को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध भी है।