मुख्यमंत्री धामी ने कहा- कैबिनेट विस्तार के शुभ मुहूर्त का इंतजार, जल्द होगा बदलाव
उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को दून मेडिकल कॉलेज सभागार में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट विस्तार और फेरबदल को लेकर चल रही चर्चाओं पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि एक माह से इस विषय पर चर्चा हो रही है, लेकिन स्थिति जस की तस है। मुख्यमंत्री ने कहा, “धन सिंह भी यहीं हैं और मैं भी यहीं हूं, शुभ मुहूर्त आ जाएगा और आपको सब पता भी लग जाएगा।”
नई दिल्ली से लौटने के बाद जब मीडियाकर्मियों ने उनसे कैबिनेट फेरबदल को लेकर सवाल किया, तो मुख्यमंत्री ने कहा, “आप लोग कई दिनों से इस पर बात कर रहे हैं, परिवर्तन होगा, लेकिन मैं स्पष्ट कर दूं कि हमारा मीडिया लोकतंत्र का महत्वपूर्ण चौथा स्तंभ है। मुझे उम्मीद है कि पत्रकारिता की प्रमाणिकता भी बनी रहनी चाहिए।
“सीएम ने कहा कि राज्य में जिन मुद्दों पर कोई स्पष्टता नहीं है, उन पर बिना किसी आधार के चर्चाएं क्यों हो रही हैं। उन्होंने कहा, “आप एक माह से इसे चला रहे हैं, लेकिन स्थिति वैसी की वैसी है। ऐसे में प्रमाणिकता पर सवाल उठते हैं।”
सीएम का यह बयान तब आया जब पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल के त्यागपत्र के बाद प्रदेश मंत्रिमंडल में फेरबदल की अटकलें तेज हो गई थीं। इसके बाद मुख्यमंत्री की दिल्ली यात्राओं को भी कैबिनेट विस्तार से जोड़कर देखा जा रहा था। लेकिन मुख्यमंत्री ने इन सभी चर्चाओं को विराम देते हुए कहा कि एक माह में कोई बदलाव नहीं हुआ है।