पिथौरागढ़ में वन्यजीव तस्करी की बड़ी कार्यवाही, एसटीएफ ने पकड़ा तस्कर
उत्तराखंड एसटीएफ की बड़ी कार्यवाही- वन प्रभाग पिथौरागढ़ व वाइल्ड लाइफ क्राइम कंट्रोल ब्यूरो दिल्ली की टीम को साथ लेकर पिथौरागढ़ में 02 भालू की पित्त के साथ 01 अन्तर्राष्ट्रीय वन्यजीव तस्कर को किया गिरफ्तार। जनपद पिथौरागढ़ के पिथौरागढ़ फारेस्ट रेंज से की गयी वन्यजीव तस्कर की गिरफ्तारी, बरामद पित्त 1-2 वर्ष पुरानी होने की सम्भावना। एसटीएफ व वन प्रभाग की टीमें कर रही विस्तृत पूछताछ , नेपाल के बैतड़ी जिले का रहने वाला है शातिर तस्कर ,कई और लोगों के भी अपराध में शामिल होने की आशंका।
उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के निर्देश पर एसटीएफ ने वन्यजीव अंगों की अवैध तस्करी को रोकने के लिए एक बड़ी कार्यवाही की है। एसएसपी एसटीएफ नवनीत भुल्लर द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, एसटीएफ की कुमायूँ युनिट ने पिथौरागढ़ वन प्रभाग और WCCB के सहयोग से एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार तस्कर शेरी राम पुत्र झुपरी राम, जो नेपाल का निवासी है, को पिथौरागढ़ फोरेस्ट रेंज स्थित शिलोनी अड़किनी तिराहे के पास से 02 भालू की पित्त के साथ पकड़ा गया। यह तस्कर लंबे समय से वन्यजीव अंगों की तस्करी में लिप्त था।
एसएसपी एसटीएफ ने बताया कि एसटीएफ को इनपुट मिला था कि तस्कर नेपाल से वन्यजीव अंगों की तस्करी कर भारत में ला रहे हैं। तस्कर को भारतीय सीमा में आते ही गिरफ्तार किया गया। अब एसटीएफ द्वारा तस्कर से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि पता लगाया जा सके कि भालू की हत्या कहां और कैसे की गई।
एसटीएफ द्वारा तस्कर के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत पिथौरागढ़ वन प्रभाग में मुकदमा भी दर्ज किया गया है। एसएसपी ने जनता से अपील की है कि वे वन्यजीव तस्करों के खिलाफ कार्यवाही के लिए एसटीएफ या नजदीकी पुलिस स्टेशन से संपर्क करें।
एसटीएफ की इस कार्यवाही से यह स्पष्ट होता है कि राज्य में वन्यजीव तस्करी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी, ताकि बेजुबान जानवरों के शिकार पर प्रभावी अंकुश भी लगाया जा सके।