हल्द्वानी में गंदगी पर बड़ी कार्रवाई: चूहों के कुतरे समोसे बेच रहे थे दुकानदार, दुकानें सील, 15 हजार का चालान

हल्द्वानी। हल्द्वानी के सिंधी चौराहा क्षेत्र में खुले में गंदे हालात में खाद्य पदार्थ बेचने पर नगर निगम ने अब बड़ी कार्रवाई की है। 3 मिठाई दुकानों को सील कर 15 हजार रुपये तक का चालान भी किया गया है। इन दुकानों में चूहों द्वारा कुतरे गए समोसे और कॉकरोच से भरे किचन में मिठाई व अन्य खाद्य सामग्री बेची जा रही थी।

शिकायत पर मौके पर पहुंचीं नगर आयुक्त

नगर आयुक्त ऋचा सिंह को स्थानीय लोगों ने शिकायत दी थी कि सिंधी चौराहे स्थित ‘जायसवाल स्वीट्स’ की गंदगी उनके घरों तक भी पहुंच रही है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए नगर आयुक्त बुधवार को मौके पर पहुंचीं, जहां हालात देख वह खुद ही चौंक गईं।

जांच के दौरान पाया गया कि दुकानों में जहां-तहां गंदगी फैली हुई थी, समोसे खुले में रखे गए थे जिन्हें चूहों ने कुतर दिया था, और मिठाई के पास कॉकरोच घूम रहे थे। सड़क पर अतिक्रमण कर खाद्य सामग्री रखी गई थी, जिसके नीचे तक गंदगी भी पसरी थी।

खाद्य सुरक्षा टीम ने लिए सैंपल, लाइसेंस रोका

नगर आयुक्त ने मौके पर ही खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम को बुलाया। टीम ने सभी संदिग्ध खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए और संबंधित दुकानों के खाद्य लाइसेंस रोक दिए गए। वहीं, अतिक्रमण और गंदगी फैलाने के लिए प्रत्येक दुकान पर 15,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया।

बार-बार चेतावनी के बावजूद नहीं माने दुकानदार

नगर आयुक्त द्वारा जब खाद्य सुरक्षा अधिकारियों से पूछा गया कि पहले कार्रवाई क्यों नहीं की गई, तो अधिकारियों ने बताया कि इन दुकानों पर पूर्व में भी कई बार कार्रवाई की गई, लेकिन दुकानदार नियमों का पालन नहीं करते और बार-बार खुले में खाद्य सामग्री बेचते रहते हैं।

स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक

वरिष्ठ फिजीशियन डा. दिनेश चंद्र पंत ने बताया कि इस तरह खुले और संक्रमित खाद्य पदार्थों के सेवन से डायरिया, हेपेटाइटिस और पेट संबंधी संक्रमण जैसे गंभीर रोग हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि खुले में रखे खाद्य पदार्थों से दूर रहना चाहिए, खासकर जब सफाई का अभाव हो।