हरिद्वार दौरे पर अमित शाह, तीन कार्यक्रमों में लेंगे भाग, कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह दो दिवसीय दौरे पर हरिद्वार में पहुंचे हैं। बुधवार देर शाम उनके हरिद्वार आगमन पर जूना अखाड़ा महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरी ने उनका स्वागत कर भेंट भी की। दौरे के दौरान गृह मंत्री आज गुरुवार को अलग-अलग 3 कार्यक्रमों में भाग लेंगे।
रात्रि विश्राम के बाद गुरुवार सुबह अमित शाह ने पतंजलि योगपीठ के महर्षि दयानंद ग्राम स्थित पतंजलि इमरजेंसी एंड क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल का उद्घाटन भी किया। कार्यक्रम के उपरांत वे गायत्री तीर्थ शांतिकुंज पहुंचकर अखंड ज्योति के दर्शन भी करेंगे।
इसके बाद गृह मंत्री गायत्री परिवार द्वारा माता भगवती देवी शर्मा की जन्म शताब्दी और अखंड दीप शताब्दी वर्ष के अवसर पर आयोजित शताब्दी वर्ष समारोह 2026 में प्रतिभाग करने के लिए बैरागी द्वीप, कनखल में पहुंचेंगे। इन सभी कार्यक्रमों में सीएम पुष्कर सिंह धामी की उपस्थिति भी प्रस्तावित है।
गृह मंत्री के दौरे को देखते हुए जनपद हरिद्वार में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था भी की गई है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल के साथ अन्य सुरक्षा एजेंसियां भी तैनात हैं, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण व सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सकें।