उत्तराखंड के 100 नगर निकायों में नामांकन जांच के बाद 202 रद्द, 656 मेयर-अध्यक्ष पद के लिए वैध नामांकन
उत्तराखंड के 100 नगर निकायों में 2 दिन की जांच के बाद 202 नामांकन को रद्द कर दिए गए हैं। आज गुरुवार को प्रत्याशियों को नाम वापसी का मौका दिया जाएगा। इसके बाद अंतिम सूची भी जारी हो जाएगी।
नगर निकायों में 31 दिसंबर और 1 जनवरी को नामांकन पत्रों की जांच हुई। मेयर पद के लिए 103 नामांकन आए, जिनमें से 2 रद्द हो गए। 43 नगर पालिका में अध्यक्ष पद के लिए 285 नामांकन आए, जिनमें से 20 नाम रद्द हुए। 46 नपं अध्यक्ष पद के लिए 302 नामांकन आए, जिनमें से 12 नाम रद्द हुए।
मेयर-अध्यक्ष के कुल 690 में से 34 नाम रद्द हो गए। अब 656 बचे हैं। इनमें मेयर के 101, नपा अध्यक्ष के 265 व नपं अध्यक्ष पद के 290 नामांकन बचे हैं। 3 जनवरी को चुनाव चिह्न का आवंटन किया जाएगा।
- पार्षद-वार्ड सदस्य के 5582 नामांकन ही वैध
100 निकायों में 5750 नामांकन पार्षद व वार्ड सदस्य के लिए आए, जिनमें से 168 रद्द होने के बाद अब 5582 नामांकन ही वैध हैं। इनमें नगर निगम के पार्षद के लिए 2240, नगर पालिका के 1834 व नगर पंचायत सदस्य के 1508 नामांकन वैध पाए गए हैं।