हरिद्वार-देहरादून हाईवे पर भीषण हादसा, चार वाहनों की टक्कर के बाद लगी आग; महिला की मौत, 15 घायल

हरिद्वार: मोतीचूर फ्लाईओवर पर रविवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार में जा रहे चार वाहन आपस में टकरा गए, जिसके बाद कई वाहनों में भीषण आग भी लग गई। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि करीब 15 लोग घायल भी हो गए।

जानकारी के अनुसार हादसे में एक ट्रक, डंपर, एसयूवी कार व उत्तराखंड परिवहन निगम की बस आपस में भिड़ गए। टक्कर के बाद कार का सीएनजी सिलेंडर फट गया, जिससे आग तेजी से फैल गई और रोडवेज बस पूरी तरह से जलकर खाक हो गई।

घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई व फ्लाईओवर के दोनों ओर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलने पर वंश बहादुर यादव (सीएफओ, हरिद्वार) के नेतृत्व में फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू भी पाया।

हादसे में कुसुम (30), निवासी बिजनौर की मौत की पुष्टि भी हुई है। वहीं करीब 15 घायल लोगों को 108 एंबुलेंस की मदद से अस्पताल में पहुंचाया गया। पुलिस और प्रशासन ने राहत-बचाव कार्य के साथ ही हादसे की जांच भी शुरू कर दी है।