हनुमान जन्मोत्सव पर आज निकलेगी बालाजी महाराज की भव्य शोभायात्रा, ड्रोन से होगी पुष्पवर्षा
हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर आज गुरुवार को देहरादून शहरभर के मंदिरों में विशेष अनुष्ठान व भजन-कीर्तन आयोजित किए जाएंगे। इस मौके पर श्री पृथ्वीनाथ महादेव सेवादल की ओर से सहारनपुर चौक स्थित शिवाजी धर्मशाला से श्री बालाजी महाराज की 16वीं भव्य शोभायात्रा भी निकाली जाएगी, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र भी रहेगी।
इस बार शोभायात्रा की खास बात यह रहेगी कि पहली बार 2 ड्रोन के जरिए पूरे यात्रा मार्ग पर पुष्पवर्षा भी की जाएगी। यात्रा में मथुरा-वृंदावन, दिल्ली, पंजाब व हिमाचल से आए कलाकार विभिन्न धार्मिक झांकियों के माध्यम से अपनी प्रस्तुति भी देंगे। खास तौर पर कोटद्वार के सिद्धबली हनुमान जी की झांकी, हवा में उड़ते हनुमान जी, बाहुबली स्वरूप व शिव बारात में अघोरियों के हैरतअंगेज प्रदर्शन श्रद्धालुओं को आकर्षित करेंगे।
वहीं लक्ष्मण चौक स्थित हिंदू नेशनल इंटर कॉलेज से बाइक रैली निकाली जाएगी। इसके अलावा जामुनवाला के एकादशमुखी हनुमान मंदिर, हनुमान चौक के प्राचीन हनुमान मंदिर व गढ़ी कैंट स्थित माता वैष्णो देवी गुफा में दिनभर विशेष पूजा-अर्चना और अनुष्ठान होंगे।
जामुनवाला स्थित एकादशमुखी हनुमान मंदिर में पूर्व संध्या पर सुंदरकांड पाठ व भंडारे का आयोजन किया गया। आज यहां महायज्ञ, पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन व प्रसाद वितरण के साथ जन्मोत्सव का भव्य कार्यक्रम होगा। मंदिर को आकर्षक फूलों और रोशनी से भी सजाया गया है।