Srinagar receives a gift of development projects worth Rs 9.13 crore; CM Dhami performs inaugurations and foundation stone layings.
श्रीनगर। नगर निगम श्रीनगर गढ़वाल में वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत करीब 9.13 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण, शिलान्यास, शुभारंभ और भूमिपूजन किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इन विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इन योजनाओं से शहर में कूड़ा निस्तारण, पार्कों के सौंदर्यीकरण, यातायात सुविधाओं और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
इन विकास कार्यों के लिए नगर निगम की महापौर आरती भंडारी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया था। नगर निगम क्षेत्र में कुल 9 करोड़ 13 लाख 26 हजार 701 रुपये की अनुमानित लागत से विभिन्न योजनाएं शामिल की गई हैं।
ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के तहत 6 करोड़ 24 लाख 42 हजार 187 रुपये की लागत से निर्मित म्यूनिसिपल सॉलिड वेस्ट प्रोसेसिंग एंड डिस्पोजल फैसिलिटी (सैनिटरी लैंडफिल) का लोकार्पण किया गया। वहीं, स्वर्गीय रणजीत सिंह भंडारी वाटिका में 88 लाख 33 हजार रुपये की लागत से बनने वाले प्रथम रेन वाटर हार्वेस्टिंग पार्क का शिलान्यास किया गया।
शहरवासियों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 22 लाख 48 हजार 514 रुपये की लागत से नगरीय सिटी बस सेवा का शुभारंभ किया गया। इसके अलावा वार्ड संख्या दो सेम गांव में प्रेम बाबा जी के आश्रम से सेम मोड़ तक 22 लाख 51 हजार रुपये की लागत से मार्ग पक्कीकरण और नाली निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया।
कार्यक्रम के दौरान 10 लाख 95 हजार रुपये की लागत से निर्मित लक्ष्मीनारायण पार्क और 9 लाख 50 हजार रुपये की लागत से स्थापित ईवी चार्जिंग स्टेशन का लोकार्पण किया गया। वहीं, हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय परिसर में स्वर्गीय हेमवती नंदन बहुगुणा की प्रतिमा पर 3 लाख 35 हजार रुपये की लागत से निर्मित शेड का भी लोकार्पण किया गया।
इसके साथ ही श्रीनगर के गोला बाजार स्थित पार्क के सौंदर्यीकरण के लिए 1 करोड़ 31 लाख 72 हजार रुपये की लागत से भूमि पूजन किया गया। नगर निगम की इन योजनाओं से शहर में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में काम होगा।
