Commotion during an anti-encroachment drive in Puchdi, Ramnagar; a young man is injured after falling from a roof, while the condition of two women has deteriorated.
रामनगर। रामनगर के ग्राम पूछड़ी में वन भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान एक युवक छत से गिरकर घायल हो गया, जबकि दो महिलाओं की दम घुटने से हालत बिगड़ गई। तीनों को उपचार के लिए रामनगर के संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
दरअसल, ग्राम पूछड़ी में वन भूमि पर चिह्नित 82 घरों से अतिक्रमण हटाने के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। शनिवार सुबह करीब पांच बजे से कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी गई। मौके पर 30 से अधिक जेसीबी और कई पोकलैंड मशीनें तैनात की गई हैं, जिनकी मदद से चिह्नित निर्माणों को हटाया जाना है।
कार्रवाई को देखते हुए क्षेत्र में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर करीब तीन किलोमीटर के दायरे में लोगों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाया गया है। संबंधित विभागों की टीमें भी मौके पर मौजूद हैं और अधिकारियों की निगरानी में अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया संचालित की जा रही है।
प्रशासन ने किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को अलर्ट रखा है। प्रतिबंधित क्षेत्र में अनावश्यक आवाजाही रोकने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, कार्रवाई के दौरान युवक के घायल होने और दो महिलाओं की तबीयत बिगड़ने की घटना के बाद क्षेत्र में हलचल बनी हुई है।
