उत्तराखंड में फिर बदलेगा मौसम, कई पर्वतीय जिलों में बारिश-ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट

उत्तराखंड में एक बार फिर से मौसम करवट लेने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र ने 12 मई को राज्य के कई पर्वतीय जिलों में तेज बारिश, ओलावृष्टि व आंधी-तूफान को लेकर ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है।

पूर्वानुमान के मुताबिक उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर व पिथौरागढ़ जिलों के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश भी हो सकती है। इस दौरान 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने व ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार 4200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने के आसार भी हैं। वहीं राज्य के अन्य जिलों में भी बारिश व खराब मौसम की स्थिति बनी रह सकती है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 17 मई तक प्रदेशभर में मौसम का मिजाज इसी तरह से बना रह सकता है।