विकासनगर में बड़ा हादसा, हिमाचल रोडवेज बस खाई में गिरी; तीन की मौत, कई घायल

देहरादून। उत्तराखंड के विकासनगर क्षेत्र में आज मंगलवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। हिमाचल प्रदेश रोडवेज की एक बस अनियंत्रित होकर खाई में ही जा गिरी । हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत व बचाव अभियान शुरू कर दिया।

बताया जा रहा है कि हिमाचल प्रदेश के नेरवा से पांवटा साहिब जा रही एचपी रोडवेज बस हरिपुर–कोटी–मीनस राजमार्ग पर क्वानू के पास अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में ही जा गिरी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे में 2 महिलाओं व 1 पुरुष की मौत हो गई है।

बस में 30 से अधिक यात्री सवार भी बताए जा रहे हैं। कई यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें एसडीआरएफ व स्थानीय पुलिस की मदद से रेस्क्यू कर अस्पताल में पहुंचाया जा रहा है।

थाना प्रभारी कालसी दीपक धारीवाल ने बताया कि

राहत एवं बचाव कार्य तेजी से चल रहा है और सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल में भेजा जा रहा है। हादसे के कारणों की जांच भी की जा रही है।