सीएम धामी ने भगत सिंह कोश्यारी से की शिष्टाचार भेंट, पद्म भूषण सम्मान पर दी बधाई
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को पूर्व सीएम एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से उनके डिफेंस कॉलोनी स्थित आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर सीएम ने कोश्यारी को देश के प्रतिष्ठित पद्म भूषण सम्मान के लिए चयनित होने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह सम्मान भगत सिंह कोश्यारी के दीर्घकालिक, समर्पित व राष्ट्रसेवा से परिपूर्ण सार्वजनिक जीवन का उचित सम्मान है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड आंदोलन से लेकर राज्य गठन, प्रशासनिक नेतृत्व व संवैधानिक दायित्वों के निर्वहन तक कोश्यारी ने हर भूमिका में प्रदेश और देश को सशक्त दिशा देने का कार्य भी किया है। उनका जीवन जनसेवा, सादगी और राष्ट्रनिष्ठा का प्रेरणास्रोत रहा है। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से कोश्यारी के उत्तम स्वास्थ्य व दीर्घायु जीवन की कामना भी की।
इधर, स्वजल कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडल ने भी शुक्रवार को पूर्व सीएम पद्मभूषण भगत सिंह कोश्यारी से उनके शासकीय आवास पर भेंट की। प्रतिनिधिमंडल ने स्वजल कर्मचारी संघ परिवार की ओर से पद्म भूषण सम्मान मिलने पर उन्हें बधाई भी दी। इस दौरान संघ ने स्वजल विभाग के कर्मचारियों की पिछले 28–29 वर्षों की सेवाओं के बावजूद बनी विभिन्न समस्याओं से भी कोश्यारी को अवगत भी कराया।
भगत सिंह कोश्यारी ने कर्मचारी संघ को आश्वासन दिया कि भविष्य में जब भी संघ को उनकी आवश्यकता भी होगी, वे नि:स्वार्थ भाव से कर्मचारियों के हितों और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास भी करेंगे।