चारधाम यात्रा में बिना पंजीकरण प्रवेश नहीं, प्रदेश सरकार ने किए सख्त प्रावधान
देहरादून: आगामी चारधाम यात्रा को लेकर प्रदेश सरकार ने एक बड़ा फैसला लिया है। अब कोई भी श्रद्धालु बिना पंजीकरण के चारधाम यात्रा कर ही नहीं सकेगा। यात्रा मार्ग के प्रमुख चेक प्वाइंट — सोनप्रयाग, पांडुकेश्वर, हिना व बड़कोट — पर पंजीकरण की सख्ती से जांच की जाएगी।
मुख्यमंत्री सचिव एवं गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने स्पष्ट किया कि यह व्यवस्था केवल चारधाम यात्रा करने वाले तीर्थयात्रियों के लिए ही लागू होगी। आम पर्यटक जो अन्य गंतव्यों पर जा रहे हैं, उन्हें पंजीकरण की कोई आवश्यकता नहीं है।
सरकार ने तीर्थयात्रियों के लिए ऑनलाइन व ऑफलाइन दोनों माध्यमों से पंजीकरण की सुविधा भी उपलब्ध कराई है। प्रशासन का उद्देश्य यात्रा को व्यवस्थित, सुरक्षित व नियंत्रित बनाना है, ताकि अत्यधिक भीड़ से भी बचा जा सके और आपात स्थिति में तीर्थयात्रियों की जानकारी भी उपलब्ध रहे।
पांडेय ने बताया कि यह कदम यात्रियों की सुरक्षा व सुविधा को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है। पंजीकरण की व्यवस्था से हर तीर्थयात्री की लोकेशन व संख्या का आकलन संभव होगा, जिससे व्यवस्थाओं में पारदर्शिता व नियंत्रण रहेगा।