Dehradun DM canceled the license of liquor shop in Suddhowala, villagers happy
देहरादून : जिलाधिकारी सविन बसंल ने सुद्धोवाला स्थित Your Daily Basket Departmental Store, देहरादून के लिए जारी विदेशी मदिरा और वाइन की फुटकर विक्री का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निरस्त ही कर दिया है। यह निर्णय आबकारी अधिनियम 1910 की धारा 34 और 59 के तहत लिया गया, और जिला आबकारी अधिकारी को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
यह निर्णय ग्राम सुद्धोवाला में वाइन शॉप के खिलाफ स्थानीय ग्रामीणों द्वारा किए गए विरोध के बाद लिया गया। ग्रामीणों का कहना था कि आस-पास के शिक्षण संस्थानों और निवासियों के लिए शराब की दुकान एक समस्या बन गई है। महिला और बुजुर्गों द्वारा लंबें समय से धरना दिया जा रहा था।
सुनवाई के दौरान, ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि वाइन शॉप की अनुमति चकराता रोड पर ली गई थी, जबकि दुकान भाउवाला रोड पर स्थित है, जो कि मानकों के उल्लंघन का मामला है। दूसरी ओर, दुकानदार ने दावा किया कि सभी औपचारिकताएं पूरी की गईं हैं और दुकान का स्थान एमडीडीए द्वारा स्वीकृत है।
डीएम ने दोनों पक्षों को सुना और सभी तथ्यों का परीक्षण करने के बाद अपना सख्त निर्णय लिया। उन्होंने यह भी कहा कि स्थानीय विधायक पहले ही इस मुद्दे पर ग्रामीणों के साथ मिलकर उनसे मुलाकात कर चुके थे।
डीएम के इस फैसले से क्षेत्रीय लोगों में खुशी की लहर है और प्रशासन पर विश्वास बढ़ा है।
