देहरादून में ‘मिलेट मैन ऑफ इंडिया’ डॉ. खादर वली ने मोटे अनाज (श्रीधान्य) के स्वास्थ्य लाभों पर दिए विचार, पुलिस अधिकारियों ने लिया संकल्प

"मिलेट मैन ऑफ इंडिया" डॉ. खादिर वली ने किया उत्तराखंड पुलिस को सम्बोधित मोटे अनाज (मिलेट्स) के महत्व पर विचार-विमर्श डॉ. खादिर वली ने साझा किए अपने अनुभव और शोध मोटे अनाज को दैनिक जीवन में शामिल करने का पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने लिया संकल्प

देहरादून: अभिसूचना मुख्यालय उत्तराखंड में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें “मिलेट मैन ऑफ इंडिया” के रूप में प्रसिद्ध डॉ. खादर वली ने मोटे अनाज (श्रीधान्य) के सेवन के लाभों पर अपने अनुभव और विचार साझा किए।

अपर पुलिस महानिदेशक ए पी अंशुमान ने डॉ. खादर वली का स्वागत करते हुए कहा, “मोटे अनाज के सेवन के प्रचार से न केवल राष्ट्र, बल्कि पूरी मानवता को लाभ होगा।” उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि मिलेट्स से स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा मिलता है और यह मधुमेह, उच्च रक्तचाप जैसी बीमारियों से बचाव में सहायक हैं।

डॉ. वली ने अपने संबोधन में कहा कि “मोटे अनाज भारतीय कृषि और संस्कृति का अभिन्न हिस्सा हैं। यदि आपका भोजन सही है तो दवा की आवश्यकता नहीं होती, लेकिन यदि भोजन गलत है तो दवा का कोई असर नहीं होता।” उन्होंने मिलेट्स को अपनी डाइट में शामिल करने की अहमियत को बताया और इसके स्वास्थ्य लाभों पर जोर दिया।

कार्यक्रम में अपर पुलिस महानिदेशक वी मुरूगेशन ने डॉ. खादर वली को उनकी सेवाओं के लिए सम्मानित किया। इस अवसर पर सभी उपस्थित पुलिस अधिकारियों ने मिलेट्स को अपने आहार का हिस्सा बनाने और इसके प्रचार-प्रसार का संकल्प लिया।

समारोह में अन्य कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।