देहरादून में 401.86 करोड़ की 74 योजनाओं की सौगात, सीएम धामी ने किया लोकार्पण और शिलान्यास
देहरादून : सीएम पुष्कर सिंह धामी ने आज सोमवार को परेड ग्राउंड में आयोजित “जन-जन की सरकार, चार साल बेमिसाल” कार्यक्रम में प्रदेश को बड़ी सौगात भी दी। सीएम ने ₹401.86 करोड़ की लागत से 74 विकास योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया।
इनमें ₹302.42 करोड़ की 41 योजनाओं का लोकार्पण व ₹99.44 करोड़ की 33 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। इस मौके पर सीएम धामी ने कहा कि राज्य तेज़ी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है और जनता को बुनियादी सुविधाएं प्राथमिकता के आधार पर ही दी जा रही हैं।
क्या-क्या हुआ लोकार्पण
लोकार्पित योजनाओं में सीवर, पेयजल, सड़क, शिक्षा व स्वास्थ्य से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं।
- नमामि गंगे के तहत सपेरा बस्ती में 15 MLD STP निर्माण
- देहरादून शहर में कई इलाकों में सीवर लाइन और जल निकासी योजनाएं
- इंदिरानगर, ओम सिटी, कुसुम विहार, चमन विहार में सीवरेज कार्य
- शव विच्छेदन गृह, स्वास्थ्य संस्थान और पशुपालन परियोजनाएं
- चकराता, कालसी और विकासनगर क्षेत्रों में नहरों का जीर्णोद्धार और बाढ़ सुरक्षा कार्य
- कई ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में सड़क निर्माण व अपग्रेडेशन
- सरकारी इंटर कॉलेजों और स्वास्थ्य केंद्रों का निर्माण
- सेलाकुई में 100 बेड के मानसिक स्वास्थ्य अस्पताल का निर्माण
किन योजनाओं का हुआ शिलान्यास
शिलान्यास की गई योजनाएं भी मुख्य रूप से सीवरेज, नहर पुनरोद्धार, बाढ़ सुरक्षा व सड़क चौड़ीकरण से जुड़ी हैं।
- देहरादून के साकेत कॉलोनी क्षेत्र में सीवरेज योजना
- डोईवाला, सहसपुर और विकासनगर में नहरों का पुनरोद्धार
- विभिन्न नदियों के किनारे बाढ़ सुरक्षा कार्य
- डोईवाला क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण और संपर्क मार्ग निर्माण
- ग्रामीण इलाकों में आंतरिक सड़कों और इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास
मुख्यमंत्री का संदेश
सीएम धामी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य संतुलित विकास है, जिसमें शहरों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों को भी समान रूप से मजबूत भी किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से रोजगार, बेहतर कनेक्टिविटी व जीवन स्तर में सुधार होगा।