6 वर्ष बाद टूटा रिकॉर्ड…अप्रैल माह के आखिरी सप्ताह में अपने तेवर दिखाने लगी गर्मी

गर्मी अप्रैल माह के आखिरी सप्ताह में अपने तेवर दिखाने लगी है। देहरादून में गर्मी ने 6 वर्ष का रिकॉर्ड तोड़ दिया। वर्ष 2018 में 26 अप्रैल के दिन अधिकतम तापमान 37.1 डिग्री रिकॉड किया गया था। बीते शुक्रवार के दिन तापमान 4 डिग्री बढ़ोतरी के साथ 38 डिग्री दर्ज भी किया गया। तापमान बढ़ने के साथ ही गर्म हवाएं परेशान करने लगी हैं।

 

मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो अप्रैल के आखिरी दिनों में तापमान में सामान्य से 4 से 5 डिग्री तक की बढ़ोतरी देखी जा सकती है। बीते शुक्रवार के दिन तेज धूप के होने के साथ ही गर्म हवाएं चलीं। हालांकि रात के न्यूनतम तापमान में 1 डिग्री कमी के 19.1 डिग्री रहने से राहत भी मिली। उधर मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार 27 अप्रैल को देहरादून में अधिकतम तापमान 36 व न्यूनतम तापमान 21 डिग्री रहने के आसार भी हैं। इसके अलावा केंद्र की ओर से आज शनिवार को बिजली चमकने व झोंकेदार हवाएं चलने के साथ ओलावृष्टि की संभावना भी जताई है।

 

प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में आज शनिवार को मौसम बदला रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से पर्वतीय इलाकों में तेज गर्जन के साथ हल्की बारिश व झोंकेदार हवाएं चलने के आसार हैं। केंद्र की ओर से पर्वतीय जिलों के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश व 30-40 किलोमीटर की रफ्तार से झोंकेदार हवा चलने का येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।

 

यह रहा अधिकतम और न्यूनतम तापमान

जिला अधिकतम न्यूनतम
देहरादून 38 19.1
पंतनगर 38.9 14.4
मुक्तेश्वर 27.2 12
नई टिहरी 27.6 13.3