राजधानी देहरादून में दोस्त के फ्लैट में रुके युवक को 3 बदमाशों ने गोली मारी

दोस्त के फ्लैट में रुके युवक को 3 बदमाशों ने गोली मारी, पैर में गोली लगने से घायल हुआ युवक, राजपुर पुलिस को की शिकायत I पुराना विवाद बताया जा रहा है दोनों पक्षों में, पुलिस कर रही जांच I

दोस्त के फ्लैट में रात गुजारने आए युवक को 3 लोगों ने पहले पीटा, फिर पिस्तौल से गोली मार दी । गनीमत रही कि गोली उसके पैर को छेदती हुई सामने दीवार में जा लगी। घायल हालत में युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित की ओर से पुलिस को शिकायत की गई है। घायल युवक और हमलावर युवक हरिद्वार जिले के रहने वाले हैं। दोनों पक्षों के बीच पुराना विवाद बताया जा रहा है।

घटना राजपुर क्षेत्र की है। पीड़ित खेलमौऊ, हरिद्वार ने बताया कि वह बीते बृहस्पतिवार रात मसूरी रोड स्थित फॉरेस्ट रेजीडेंसी में अपने दोस्त के फ्लैट पर आया था। यहां पर दोस्त की महिला मित्र भी मौजूद थी। अभी सब लोग आपस में बात ही कर रहे थे कि रात करीब 10:30 बजे मुंह पर कपड़ा बांधे 3 युवक जबरन फ्लैट में घुस गए। इनमें से 1 युवक ने अपनी बंदूक निकालकर गिरेबान पकड़ लिया और उसे जान से मारने की धमकी देने लगा। युवक ने बंदूक की बट उसके पेट में मारी जिससे वह नीचे गिर गया। वहां मौजूद युवती ने शोर मचाया तो उन्होंने उसे भी जान से मारने की धमकी दी।

इस बीच एक युवक ने पिस्तौल से गोली चला दी। गोली पैर में लगी। पैर को पार करते हुए गोली दीवार में जा लगी। युवक के अनुसार वह इन 3 में से 2 युवकों को पहचानता है। वह युवक भी हरिद्वार जिले के ही रहने वाले हैं। इस घटनाक्रम की शिकायत घायल युवक ने राजपुर पुलिस को भी दी है। एसओ राजपुर जितेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि घटना के संबंध में सूचना मिली थी। पुलिस ने मौका मुआयना किया है। शाम तक थाने में शिकायत नहीं आई थी। शिकायत आने के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा। फिलहाल पुलिस मौखिक शिकायत के आधार पर जांच कर रही है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ा जाएगा।