प्रदेश का चुनावी रण: बीजेपी ने बिछाई सियासी बिसात, चुनावी महाभारत के लिए तैयार किया गया चक्रव्यूह, ये होगी रणनीति

लोकसभा के चुनावी महाभारत के लिए बीजेपी ने अपना चक्रव्यूह अब तैयार कर दिया है। कांग्रेस व विपक्षी दलों के प्रत्याशियों के कड़ी चुनौती पेश करने के लिए बीजेपी पार्टी ने रणनीति के तहत उन चेहरों को पार्टी में शामिल कराया, जिन्होंने 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर अपनी ताल ठोकी थी व अच्छे-खासे वोट भी हासिल किए थे।

 

लोकसभा चुनाव से ठीक पूर्व विधानसभा चुनाव के दूसरे या तीसरे स्थान पर रहे इन चेहरों के दम पर पार्टी अपनी चुनावी राह को ओर आसान बनाने की कोशिश कर रही है। पार्टी के ज्वाइनिंग अभियान की गति बेशक अभी कुछ धीमी भी दिखाई दे रही है, लेकिन इसे भी सुनियोजित रणनीति का हिस्सा भी बताया जा रहा है।

 

सियासी हलकों में ये चर्चाएं अब खासी गरमा रहीं कि कांग्रेस के कुछ और बड़े चेहरे जिनमें विधायक बताए जा रहे हैं, कभी भी बीजेपी का दामन थाम सकते हैं। बीजेपी का शीर्ष नेतृत्व इस संभावना से इन्कार नहीं कर रहा है। गढ़वाल मंडल की 3 लोकसभा सीटों में से 2 में सबसे अधिक राजनीतिक चेहरे कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए। कुछ ने तो घर वापसी की है। लोस चुनाव से पूर्व बीजेपी ने करीब 12,500 नए लोगों को पार्टी की सदस्यता भी दिलाई।

 

विरोधी पार्टी से तोड़ने व अपने संग जोड़ने की यह कवायद इसलिए भी अहम मानी जा रही कि बदरीनाथ सीट पर कांग्रेस के टिकट से चुनाव लड़े राजेंद्र भंडारी को अपनी पार्टी में शामिल करा दिया। भंडारी ने कांग्रेस से इस्तीफा देकर बीजेपी की सदस्यता ले ली।

 

बदरीनाथ ही नहीं गढ़वाल लोस क्षेत्र के अंतर्गत कुछ व विधानसभा क्षेत्रों से भी कुछ चेहरे बीजेपी में शामिल हुए। इनमें केदारनाथ विस से 2022 का चुनाव लड़े कुलदीप रावत ने बीजेपी की सदस्यता ली। वह चुनाव में दूसरे स्थान पर थे व उन्होंने 12,323 वोट भी हासिल किए थे। इसी तरह चौबट्टाखाल से कांग्रेस के प्रत्याशी रहे केसर सिंह नेगी भी बीजेपी में चले गए। उन्हें 13,497 वोट मिले थे। पौड़ी विस सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी रहे नवल किशोर ने भी बीजेपी का दामन थाम लिया। उन्होंने 20,127 वोट हासिल किए थे। यमकेश्वर सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़े शैलेंद्र सिंह रावत की बीजेपी में वापसी हो गई। शैलेंद्र ने 17,980 वोट भी लिए थे। श्रीनगर गढ़वाल सीट से यूकेडी छोड़ कर आए मोहन काला बीजेपी के हो गए। काला को विस चुनाव में 4,271 वोट मिले थे I

 

कांग्रेस में सबसे बड़ी सेंध टिहरी लोकसभा क्षेत्र में ही लगी। यहां पुरोला सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी रहे मालचंद ने बीजेपी में वापसी कर ली। मालचंद ने विस में 21,560 वोट भी लिए थे। गंगोत्री में खांटी कांग्रेसी रहे पूर्व विधायक विजय पाल सजवाण भी बीजेपी में शामिल हो गए। गंगोत्री सीट पर दूसरे स्थान पर थे व उन्होंने 21,590 वोट भी हासिल किए थे। टिहरी लोस सीट पर दूसरे स्थान पर रहे दिनेश धनै भी बीजेपी में शामिल हो गए। उन्हें 18,851 वोट भी मिले थे। इसके अलावा इसी सीट पर कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़े धन सिंह नेगी ने बीजेपी में वापसी कर ली। उन्होंने 6,385 वोट मिले भी थे। धनोल्टी सीट पर चुनाव लड़े जोत सिंह बिष्ट अब आम आदमी पार्टी छोड़कर बीजेपी में शामिल हो गए। बिष्ट ने 2022 का चुनाव कांग्रेस के टिकट पर लड़ा था व 18,143 वोट लेकर वह दूसरे स्थान पर भी थे। इस सीट पर नंबर 3 रहे महावीर सिंह रांगड ने भी बीजेपी में घरवापसी कर ली। रांगण ने 12,644 वोट हासिल किए थे।

 

हरिद्वार संसदीय क्षेत्र में बड़ी संख्या में पंचायत जनप्रतिनिधियों ने बीजेपी का दामन थामा, लेकिन विस चुनाव के पूर्व प्रत्याशियों की संख्या गढ़वाल व टिहरी सीट से कम ही रही। टिहरी से पिता दिनेश धनै के बीजेपी में शामिल होने के साथ ऋषिकेश से चुनाव लड़े कनक धनै बीजेपी के हो गए। कनक ने 2022 के विस चुनाव में 13,080 वोट भी हासिल किए थे। भगवानपुर सीट पर अपनी भाभी कांग्रेस की ममता राकेश से हारे सुबोध राकेश ने अब बसपा छोड़कर बीजेपी में वापसी कर ली। सुबोध राकेश को 39,997 वोट भी मिले थे। खानपुर सीट के पूर्व प्रत्याशी सुभाष चौधरी भी बीजेपी में जा चुके हैं। उन्हें 6 हजार से अधिक वोट मिले थे।

 

गढ़वाल मंडल तुलना में बीजेपी का ज्वाइनिंग अभियान कुमाऊं मंडल में प्रभावी नहीं रहा। नैनीताल लोस क्षेत्र में कालाढुंगी विस से महेश चंद्र शर्मा ने कांग्रेस छोड़कर बीजेपी का दामन थामा। महेश चंद्र को 2022 के चुनाव में 43 हजार से अधिक वोट भी मिले थे। भीमताल विस सीट पर कांग्रेस से चुनाव लड़े दान सिंह भंडारी ने भी बीजेपी में वापसी कर ली। भंडारी को 15 हजार से अधिक वोट भी मिले थे। किच्छा से प्रत्याशी रहे अजय तिवारी ने भी बीजेपी की सदस्यता ली। उन्हें 6,000 से अधिक वोट भी मिले थे। इनके अलावा कुमाऊं मंडल से कांग्रेस का कोई बड़ा चेहरा बीजेपी में शामिल नहीं हुआ।